पति की मौत के बाद बढ़ी मुसीबतें, जेठ के चाकू हमले में महिला घायल
अलवर। शहर के अखैपुरा थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली दरवाजा इलाके में एक महिला पर उसके ही जेठ द्वारा कथित रूप से चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घायल महिला सपना ने बताया कि उसके पति की करीब तीन महीने पहले कैंसर की बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। पति के निधन के बाद वह अपने दो बच्चों के साथ कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही है। महिला का आरोप है कि उसका जेठ नंदलाल लंबे समय से उसे परेशान करता था और शराब के नशे का आदी है। उसने यह भी दावा किया कि आरोपी पहले भी एक मामले में जेल जा चुका है।
पीड़िता के अनुसार मंगलवार सुबह वह अपने घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका जेठ वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने चाकू से हमला कर दिया, जिससे महिला के हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर अखैपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


