More
    Homeराजस्थानअलवरजिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अहम निर्णय, 10 लाख से...

    जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अहम निर्णय, 10 लाख से अधिक के विकास कार्यों पर लगेगा QR कोड

    सुरक्षित यातायात और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जिला कलक्टर ने दिए निर्देश, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर जोर

    अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर सड़क सुरक्षा, पारदर्शिता और विकास कार्यों की निगरानी को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाने पर बल दिया।

    बैठक में वर्षवार सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां सुधारात्मक कार्य कराने, आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, साइनेज और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यूआईटी, नगर निगम और अन्य निर्माण एजेंसियों को सड़क, सीवरेज एवं अन्य निर्माण स्थलों पर उचित बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने के भी निर्देश दिए।

    10 लाख से अधिक के कार्यों पर लगेगा QR कोड

    जिला प्रशासन के नवाचार ‘अलवर संपदा’ के तहत अब 10 लाख रुपये से अधिक लागत वाले विकास कार्यों पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। आम नागरिक अपने मोबाइल से इस क्यूआर कोड को स्कैन कर संबंधित परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

    क्यूआर कोड के माध्यम से कार्य का नाम, स्वीकृति तिथि, कार्यादेश, अनुमानित पूर्णता अवधि, कार्यकारी एजेंसी, संबंधित अधिकारी, ठेकेदार का नाम और स्वीकृत राशि जैसी जानकारियां उपलब्ध होंगी। प्रारंभिक चरण में नगर विकास न्यास क्षेत्र के 200 से अधिक विकास कार्यों को इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा, जिसे आगे पूरे जिले में लागू किया जाएगा।

    पीएम राहत योजना और ‘नया सफर’ योजना के प्रचार के निर्देश

    बैठक में जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रधानमंत्री राहत योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सरकारी और निजी अस्पतालों में 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

    उन्होंने परिवहन विभाग को केंद्र सरकार की ‘नया सफर योजना’ का भी प्रचार करने को कहा, जिसके तहत पुराने बीएस-4 या उससे नीचे श्रेणी के वाहनों को उच्च श्रेणी के वाहनों से बदलने पर विभिन्न प्रकार की रियायतें प्रदान की जाती हैं।

    ई-रिक्शा संचालन और पार्किंग व्यवस्था पर भी जोर

    बैठक में बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने, केवल निर्धारित स्थानों पर सवारी चढ़ाने-उतारने और सड़क किनारे अनुशासित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर में पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कराए गए सर्वे की अनुशंसाओं पर कार्रवाई करने को कहा गया।

    बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अम्बालाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक शर्मा, पीडब्ल्यूडी, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनएचआई और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here