1 जनवरी 2027 से एनसीआर क्षेत्र में डीजल ऑटो के संचालन पर रहेगी रोक
अलवर। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों की पालना में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में संचालित सभी डीजल चालित ऑटो रिक्शा को 31 दिसंबर 2026 तक प्रचलन से बाहर किया जाएगा। इसके तहत वाहन स्वामियों को अपने डीजल ऑटो रिक्शा को सीएनजी अथवा इलेक्ट्रिक (ईवी) विकल्प में बदलने या अपग्रेड करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी रवीन्द्र जोशी ने बताया कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2027 से एनसीआर क्षेत्र में केवल सीएनजी या इलेक्ट्रिक ईंधन से संचालित ऑटो रिक्शा का ही संचालन अनुमत होगा।
उन्होंने बताया कि प्रादेशिक परिवहन कार्यालय अलवर के क्षेत्राधिकार में वर्तमान में 638 डीजल ऑटो रिक्शा पंजीकृत हैं। इन सभी वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा से पहले अपने वाहनों को स्वच्छ ईंधन आधारित विकल्प में परिवर्तित करने के लिए सूचित किया जा रहा है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि 1 जनवरी 2027 के बाद यदि कोई डीजल चालित ऑटो रिक्शा एनसीआर क्षेत्र में संचालित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने वाहन स्वामियों से समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अपने वाहनों को सीएनजी या इलेक्ट्रिक प्रणाली में अपग्रेड कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई या संचालन संबंधी असुविधा का सामना न करना पड़े।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

