वन विभाग की पौधशाला में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पौधों के संरक्षण और संवर्धन के दिए निर्देश
खैरथल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) शैलेंद्र व्यास के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खैरथल के सचिव अजीत कुड़ी ने गुरुवार को वन संरक्षण विभाग की राजकीय पौधशाला, खैरथल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव अजीत कुड़ी ने पौधशाला में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया तथा पौधों के संरक्षण, संवर्धन और रखरखाव की व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के पौधों की गुणवत्ता, सिंचाई व्यवस्था, देखभाल और आगामी वृक्षारोपण कार्यक्रमों की समीक्षा भी की।
पौधशालाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : अजीत कुड़ी
सचिव अजीत कुड़ी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने में राजकीय पौधशालाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए अधिकाधिक पौधारोपण करना समय की आवश्यकता है। इसके साथ ही पौधों का नियमित संरक्षण और देखभाल भी उतनी ही जरूरी है, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पौधों की गुणवत्ता बनाए रखने, नियमित निगरानी करने तथा पौधों के संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
वन विभाग ने दी उत्पादन और वितरण की जानकारी
निरीक्षण के दौरान वन विभाग के कार्मिकों ने सचिव को पौधशाला में तैयार किए जा रहे पौधों की उत्पादन क्षमता, वितरण व्यवस्था तथा आगामी वृक्षारोपण अभियानों की जानकारी दी। सचिव ने पौधशाला परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिक से अधिक पौधारोपण करने और आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
निरीक्षण के दौरान पीएलवी सूरजभान कछवाहा, राहुल कुमार, पौधशाला कार्मिक पूनम कुमारी, रामसिंह तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्मिकों ने पौधों की तैयारी, संरक्षण और रखरखाव की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


