More
    Homeराजस्थानअलवरजीएसटी अधिकारी के घर सनसनीखेज डकैती, परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक...

    जीएसटी अधिकारी के घर सनसनीखेज डकैती, परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर लाखों की लूट

    डेढ़ घंटे तक अधिकारी का परिवार बंधक, 15 तोला सोना लूटा, हथियारों के बल पर मचाया आतंक; पुलिस ने शुरू की सघन जांच

    अलवर। शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित शालीमार नगर में शनिवार सुबह हुई एक दुस्साहसिक डकैती ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के घर तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर पूरे परिवार को करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखा।

    जीएसटी अधिकारी के घर डकैती
    जीएसटी अधिकारी के घर डकैती

    इस दौरान बदमाशों ने मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और महिला को भयभीत करने के लिए दुष्कर्म की धमकी भी दी। इसके बाद वे लगभग 15 तोला सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।

    रातभर छत पर छिपे रहे, सुबह वारदात को दिया अंजाम

    प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश शुक्रवार देर शाम किसी तरह मकान की छत पर पहुंच गए थे और पूरी रात वहीं छिपे रहे। शनिवार सुबह करीब छह बजे जैसे ही परिवार ने छत का गेट खोला, तीनों हथियारों के साथ नीचे उतर आए और पूरे परिवार को अपने कब्जे में ले लिया।

    बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के हाथ और मुंह बांध दिए ताकि कोई शोर न मचा सके। विरोध करने पर मारपीट की गई और पूरे घर में आराम से तलाशी लेकर लूटपाट की गई।

    महिला से उतरवाए गहने, अलमारी भी खंगाली

    बदमाशों ने महिला से पहने हुए सभी सोने के आभूषण उतरवा लिए। इसके बाद अलमारी खुलवाकर उसमें रखे करीब 15 तोला सोने के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान अपने कब्जे में कर लिया।

    वारदात के दौरान आरोपियों ने परिवार को लगातार धमकाया कि यदि पुलिस को सूचना दी गई तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। परिवार को भयभीत करने के लिए महिला को दुष्कर्म की धमकी भी दी गई।

    एफएसएल टीम और पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

    घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा, थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

    एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

    हर पहलू से जांच, जल्द खुलासे का दावा

    अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

    शहर के पॉश इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here