डकैती पर सरकार को घेरा, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल; पीड़ित परिवार से मिलकर जल्द गिरफ्तारी की मांग
अलवर। सदर थाना क्षेत्र स्थित शालीमार नगर में जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर के घर हुई सनसनीखेज डकैती को लेकर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, जबकि सरकार और प्रशासनिक अमला प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों और उद्घाटन समारोहों में व्यस्त है।
टीकाराम जूली ने कहा कि आज राजस्थान की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी का परिवार भी अपने घर में सुरक्षित नहीं है, वहां आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
’90 मिनट तक परिवार बंधक, फिर भी अपराधियों में नहीं डर’
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर के घर में हथियारबंद बदमाशों द्वारा परिवार को करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर लूटपाट करना, महिलाओं और बच्चों को धमकाना तथा कट्टे की नोक पर आतंक मचाना प्रदेश की कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता है। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस और कानून का कोई भय दिखाई नहीं दे रहा।
‘प्रदेश में हर दिन बढ़ रहे अपराध’
जूली ने आरोप लगाया कि अलवर, जयपुर, भरतपुर सहित सीमावर्ती जिलों में लगातार लूट, डकैती, हत्या और अपहरण जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। नकाबपोश गिरोह बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिला होने का तर्क देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। जनता अब सुरक्षा चाहती है, बहाने नहीं।
‘सरकार प्रचार में व्यस्त, जनता भय के साये में’
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार विकास के दावे और उद्घाटन कार्यक्रमों में व्यस्त है, जबकि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था भाषणों और विज्ञापनों से नहीं, बल्कि मजबूत पुलिस व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई से कायम होती है।
जूली ने कहा कि यदि सरकार प्रदेश में कानून का राज स्थापित नहीं कर सकती तो उसे अपनी प्राथमिकताओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
पीड़ित परिवार से मुलाकात, पुलिस अधिकारियों से की चर्चा
घटना की जानकारी मिलने के बाद टीकाराम जूली शालीमार नगर स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
सरकार से की ये प्रमुख मांगें
- डकैती में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो।
- पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
- प्रदेशभर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
- अंतरराज्यीय अपराधी गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए।
- कानून व्यवस्था मजबूत कर आमजन में सुरक्षा का विश्वास बहाल किया जाए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


