More
    Homeराजस्थानअलवरएक साथ उठीं पति-पत्नी की अर्थियां, 6 साल के मासूम बेटे ने...

    एक साथ उठीं पति-पत्नी की अर्थियां, 6 साल के मासूम बेटे ने निभाया अंतिम फर्ज

    भीलवाड़ा। जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आमली बरडोद गांव में एक विवाहिता और उसके पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। अपने ससुराल से घूमने की बात कहकर निकले दंपती के शव उनकी साली के घर के भीतर मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस दोहरे दुखद वाकये के बाद बनकाखेड़ा और आमली बरडोद गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। जब दोनों की अर्थियां एक साथ उठीं तो मौजूद हर ग्रामीण की आंखें छलक पड़ीं। इस हृदयविदारक घटना ने दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है।

    उदयपुर घूमने की बात कहकर साली के घर पहुंचे थे दीदी-जीजा

    पुलिस तफ्तीश के मुताबिक बनकाखेड़ा निवासी कालू जाट (30) अपनी पत्नी दुर्गा (28) के साथ घर से उदयपुर जाने की बात कहकर रवाना हुआ था। रास्ते में वे रविवार शाम हमीरगढ़ के आमली बरडोद गांव में अपनी साली और साडू जगदीश जाट के घर पर रुक गए। रात को सभी ने बेहद हंसी-खुशी माहौल में एक साथ भोजन किया था। सोमवार तड़के करीब पांच बजे जब मकान मालिक जगदीश अपनी पत्नी के साथ खेत पर गुलाब के फूल तोड़ने जा रहे थे, तब दुर्गा भी उनके साथ मदद के लिए चली गई। इसी बीच घर पर अकेले मौजूद कालू ने फोन कर बताया कि बच्चे की तबीयत खराब है और फौरन लौटना होगा, जिसके बाद जगदीश अपनी साली दुर्गा को वापस घर छोड़ आया और दंपती के कुछ देर में निकलने की बात पर ताला लगाए बिना वापस खेत चला गया।

    खेत से लौटने पर कमरे में मिला खौफनाक नजारा

    सुबह करीब सात बजे जब जगदीश और उसकी पत्नी खेत का काम निपटाकर वापस अपने घर लौटे, तो अंदर का नजारा देखकर उनकी चीख निकल गई। कमरे के भीतर कालू का शव फंदे से झूल रहा था, जबकि उसकी पत्नी दुर्गा मृत अवस्था में पलंग पर पड़ी थी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां जमा हो गए और स्थानीय थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों के पीहर और ससुराल पक्ष को सूचित किया। परिजनों की मौजूदगी में शवों को फंदे से उतारकर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया, जहां मेडिकल बोर्ड के गठन के साथ दोनों का पोस्टमार्टम संपन्न हुआ।

    हत्या के बाद खुदकुशी की आशंका, पहेली बनी मौत की वजह

    घटनास्थल के हालातों को देखते हुए थाना पुलिस ने शुरुआती तौर पर अंदेशा जताया है कि कालू जाट ने अज्ञात पारिवारिक विवाद के चलते पहले अपनी पत्नी दुर्गा का गला दबाकर और किसी लोहे की वस्तु से हमला कर उसकी जान ली होगी, और बाद में ग्लानि या डर के चलते खुद भी पत्नी की ओढ़नी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस हत्या और खुदकुशी के अलावा अन्य सभी संभावित कोणों से इस रहस्यमयी मौत की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here