पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क एक सप्ताह बाद भी नहीं बनी, मंदिरों और विद्यालय मार्ग पर हादसे का खतरा
लक्ष्मणगढ़। नगर पालिका के वार्ड संख्या 19 में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी नहीं बनाई गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव होने से स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों तथा दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने शीघ्र सड़क निर्माण की मांग करते हुए दुर्घटना की आशंका जताई है।
मंदिर मार्ग पर बढ़ी परेशानी
वार्ड 19 स्थित सेढ़ माता मंदिर, जैन मंदिर तथा चमत्कारिक हनुमान शंकर भोले मंदिर तक जाने वाला यह प्रमुख मार्ग धार्मिक गतिविधियों के कारण पूरे दिन व्यस्त रहता है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में कठिनाई हो रही है।
बच्चे गिर रहे, वाहन चालक हो रहे दुर्घटनाग्रस्त
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने गहरे गड्ढों और कीचड़ के कारण बच्चे आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं साइकिल और मोटरसाइकिल चालक भी संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है तथा मौके का निरीक्षण भी कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई।
सरकारी निर्देशों की अनदेखी का आरोप
लोगों का कहना है कि जिस सड़क को एक सप्ताह पहले खोदा गया था, उसका निर्माण अब तक नहीं हुआ, जबकि बाद में खोदी गई अन्य सड़कों पर काम शुरू कर दिया गया है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों और गड्ढों को तत्काल भरने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद वार्ड 19 की सड़क बदहाल स्थिति में पड़ी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


