चैंपियनशिप से पहले कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं, प्रेरक पुस्तक भेंट कर बढ़ाया उत्साह
खैरथल-तिजारा। एशिया यूथ तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयनित खैरथल-तिजारा जिले के होनहार तीरंदाज अनुज कुमार ने मंगलवार को जिला खेल अधिकारी अंजना शर्मा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आर्चरी प्रशिक्षक विनोद कुमार सैनी एवं कबड्डी प्रशिक्षक रविंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

तैयारियों पर हुई विस्तार से चर्चा
जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने अनुज कुमार को भारतीय टीम में चयनित होने पर बधाई देते हुए आगामी एशिया यूथ तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारियों, अभ्यास और प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली तथा पूरी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने विश्वास जताया कि अनुज अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले, राजस्थान और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
प्रेरणादायक पुस्तक की भेंट
इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने अनुज कुमार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम की प्रेरणादायक पुस्तक भेंट की। अनुज ने इस सम्मान और प्रोत्साहन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुस्तक उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर जताई खुशी
जिला खेल अधिकारी अंजना शर्मा ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रही सफलताएं पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय हैं। वहीं आर्चरी प्रशिक्षक विनोद कुमार सैनी एवं कबड्डी प्रशिक्षक रविंद्र कुमार ने अनुज कुमार को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विश्वास व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

