देवखेड़ा और खुदनपुरी विद्यालयों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मनाया प्रवेशोत्सव, प्रत्येक शनिवार सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां जारी रखने की घोषणा
अलवर। आर.डी.एन.सी. मित्तल फाउंडेशन द्वारा संचालित अश्वत्थ लर्निंग कम्युनिटीज की ओर से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देवखेड़ा एवं खुदनपुरी में मंगलवार को प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर 17 जून से 30 जून तक आयोजित समर शिविर में बच्चों द्वारा सीखी गई सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा।
समर शिविर में बच्चों का हुआ सर्वांगीण विकास
अश्वत्थ लर्निंग कम्युनिटीज की संस्थापक आरुषि मित्तल ने बताया कि समर शिविर का आयोजन 17 जून से 30 जून तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 10:30 बजे तक किया गया। शिविर में कक्षा पहली से छठी तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास बढ़ाना तथा रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि विकसित करना था।
विविध गतिविधियों का मिला प्रशिक्षण
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नृत्य, संगीत, नाटक, ताइक्वांडो, योग और प्राणायाम का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। बच्चों ने शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास के साथ अनुशासन, एकाग्रता, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी अभ्यास किया। समर शिविर में देवखेड़ा विद्यालय के 32 तथा खुदनपुरी विद्यालय के 45 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रवेशोत्सव में मनमोहक प्रस्तुतियां
प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने राजस्थानी एवं फिल्मी नृत्य, समूह गीत, हारमोनियम एवं कांगो वादन, “हम सब किताबें हैं” नाटक, ताइक्वांडो प्रदर्शन तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।
हर शनिवार होंगी रचनात्मक गतिविधियां
मुख्य अतिथि आर.डी.एन.सी. मित्तल फाउंडेशन के मुख्य न्यासी डॉ. एस.सी. मित्तल, विशिष्ट अतिथि आजीवन न्यासी अल्का मित्तल तथा संस्थापक आरुषि मित्तल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर घोषणा की गई कि बच्चों के सतत सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार ‘बस्ता रहित दिवस’ के अवसर पर सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का नियमित संचालन जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में देवखेड़ा विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कृष्णा मीना, खुदनपुरी विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र सिंह नारूका, दोनों विद्यालयों का स्टाफ, समर शिविर के प्रशिक्षक, मित्तल फाउंडेशन की टीम, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


