गिरिजन नदी बचाने के आंदोलन में देशभर के पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता होंगे शामिल, पहली पुण्यतिथि पर होगा संकल्प कार्यक्रम
नीमकाथाना। क्षेत्र के खाल्डा की ढाणी, दीपावास स्थित गिरिजन नदी किनारे पहाड़ी क्षेत्र में खनन गतिविधियों के विरोध और गिरिजन नदी संरक्षण को लेकर चल रहे धरने के समर्थन में बुधवार, 8 जुलाई को सुबह 11 बजे संघर्ष संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। यह सभा आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता की पत्नी स्वर्गीय कौशल्या जी की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होगी।
पर्यावरण संरक्षण के लिए होगा संकल्प
आयोजकों के अनुसार सभा में गिरिजन नदी, अरावली क्षेत्र और स्थानीय पर्यावरण के संरक्षण को लेकर चल रहे जनआंदोलन को मजबूत बनाने तथा भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा।
देशभर के सामाजिक कार्यकर्ता होंगे शामिल
संघर्ष संकल्प सभा में जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित जल पुरुष राजेंद्र सिंह, नियमगिरि आंदोलन के प्रमुख नेता एवं गोल्डमैन पर्यावरण पुरस्कार से सम्मानित प्रफुल्ल सामंतराय, अरावली विरासत जन अभियान की नीलम अहलुवालिया, जलधारा से उपेंद्र शंकर, आदिवासी एकता परिषद उदयपुर की कुसुम रावत तथा सामाजिक कार्यकर्ता साधना मीना सहित देशभर के कई पर्यावरण एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
अधिकाधिक लोगों से समर्थन की अपील
आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गिरिजन नदी संरक्षण आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


