ग्रामीण सेवा शिविर में मौके पर हुआ समाधान, अब सरकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं। इसी क्रम में रैणी तहसील की ग्राम पंचायत छिलोडी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान ग्राम निवासी पदमचन्द की सहखातेदारी भूमि का राजस्व रिकॉर्ड में विभाजन कर उन्हें बड़ी राहत प्रदान की गई।
वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान
पदमचन्द ने शिविर में संयुक्त खातेदारी भूमि के विभाजन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद सभी पक्षों की आपसी सहमति से मौके पर ही खाता विभाजन की प्रक्रिया पूरी कर दी। इसके साथ ही लाभार्थी को संशोधित जमाबंदी की प्रति भी उपलब्ध कराई गई।
अब योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
लाभार्थी ने बताया कि सहखातेदारी के कारण उन्हें लंबे समय से विभिन्न सरकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। खाता विभाजन होने के बाद अब वे सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे और भविष्य में भूमि संबंधी कार्यों में भी सुविधा होगी।
ग्रामीण सेवा शिविर बने जनसमस्याओं के समाधान का माध्यम
जिला प्रशासन के अनुसार ग्रामीण सेवा शिविरों में राजस्व, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे और अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण हो रहा है।
पदमचन्द एवं अन्य लाभार्थियों ने वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने पर राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


