More
    Homeराजस्थानअलवररिमझिम वर्षा से मौसम सुहाना, जलभराव ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

    रिमझिम वर्षा से मौसम सुहाना, जलभराव ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

    लगातार वर्षा से किसानों को गर्मी से राहत, लेकिन जलभराव और कीचड़ से जनजीवन प्रभावित

    लक्ष्मणगढ़। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही रिमझिम वर्षा से मौसम सुहाना हो गया है। भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर कस्बे के कई हिस्सों में जलभराव और कीचड़ के कारण आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रुक-रुक कर दिनभर हुई बारिश से बाजारों की रौनक भी फीकी रही और विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी कम दर्ज की गई।

    जलभराव और कीचड़ से बढ़ी मुश्किलें

    कस्बे में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों पर वर्षा का पानी भर जाने से हालात और खराब हो गए हैं। कई स्थानों पर कच्चे रास्ते दलदल में तब्दील हो गए हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। नए बस स्टैंड स्थित मालाखेड़ा मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

    निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। गड्ढों में भरे पानी से दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

    किसानों को राहत, लेकिन बुवाई पर लगा विराम

    लगातार हो रही वर्षा से किसानों को गर्मी और सूखे से राहत मिली है, लेकिन खेतों में अधिक नमी होने के कारण खरीफ फसलों की बुवाई फिलहाल रुकी हुई है।

    किसान दयाराम और मांगेलाल ने बताया कि बारिश के अभाव में बुवाई में देरी हो रही थी। अब अच्छी वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, लेकिन लगातार बूंदाबांदी के कारण खेतों में प्रवेश करना संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बारिश थमते ही बुवाई का कार्य तेजी से शुरू होगा। किसानों का कहना है कि यह वर्षा फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी।

    जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग

    स्थानीय लोगों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने और जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here