भिवाड़ी में बुजुर्गों के आश्रम और सखी केंद्र का औचक निरीक्षण, भोजन, उपचार, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्थाओं की ली जानकारी
किशनगढ़ बास। खैरथल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुड़ी ने बुधवार को भिवाड़ी स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर तथा अहसास वृद्ध एवं दिव्यांग आश्रम का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बुजुर्गों और जरूरतमंद महिलाओं की सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल-तिजारा के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने दोनों संस्थानों की मूलभूत व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, स्वच्छता, आवासीय सुविधाओं तथा लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
अजीत कुड़ी ने केंद्र एवं आश्रम में रह रही महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सीय सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
सखी वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं को नियमानुसार त्वरित विधिक सहायता, परामर्श तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र के कार्मिकों को पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
अहसास वृद्ध एवं दिव्यांग आश्रम में सचिव ने बुजुर्गों एवं विशेष योग्यजनों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने, परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित प्रभारियों से कहा कि बुजुर्गों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सचिव अजीत कुड़ी ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य जरूरतमंद, पीड़ित और असहाय लोगों तक न्याय एवं आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाना है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


