महंत बालकनाथ योगी ने जनसुनवाई कर अधिकारियों को दिए निर्देश, कहा- समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत
तिजारा। विधायक महंत बालकनाथ योगी ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम भिवाड़ी रीको गेस्ट हाउस, टपूकड़ा स्थित बाबा नृसिंह दास आश्रम तथा तिजारा के बाबा मस्तनाथ जनसेवनम् भवन में आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, पानी, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों को विधायक के समक्ष रखा।
महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अलवर सांसद रहते हुए उन्होंने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और विधायक बनने के बाद भी यह सेवा निरंतर जारी है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में प्राप्त अधिकांश समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कराया जाता है। जिन मामलों में उच्च स्तर की स्वीकृति या हस्तक्षेप आवश्यक होता है, उनके लिए संबंधित अधिकारियों से मोबाइल, ई-मेल एवं अन्य माध्यमों से समन्वय स्थापित कर समाधान के प्रयास किए जाते हैं।
विधायक ने कहा कि राजस्थान सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और गंभीर है। मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न माध्यमों से जनसमस्याओं की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से 181 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य सरकारी शिकायत निवारण व्यवस्थाओं का भी आवश्यकतानुसार उपयोग करने का आग्रह किया।
महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और जनप्रतिनिधि होने के नाते इन सुविधाओं को उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई और जनसंवाद का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


