अलवर की स्कीम नंबर-1 कॉलोनी में चोरों ने 15–20 लाख के जेवर और नकदी पर किया हाथ साफ
अलवर। अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित स्कीम नंबर-1 की पॉश कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का पता शनिवार सुबह उस समय चला, जब मकान मालिक परिवार सहित वापस घर लौटा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़ित रवि अग्रवाल ने बताया कि वह करीब एक सप्ताह पहले अपनी बेटी के पास गए हुए थे। शनिवार सुबह परिवार के साथ अलवर लौटने पर मकान के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान बिखरा हुआ था और अलमारियों के ताले भी टूटे हुए मिले।
जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका था। पीड़ित के अनुसार इस चोरी में करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
शहर की पॉश कॉलोनी में हुई इस बड़ी चोरी ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


