हनोई/फु क्वोक। वियतनाम के प्रसिद्ध फु क्वोक आईलैंड (Phu Quoc Island) के पास शनिवार (11 जुलाई) को एक बेहद दर्दनाक और बड़ा हादसा हो गया। यहाँ भारतीय पर्यटकों को सैर पर ले जा रही एक स्पीडबोट अनियंत्रित होकर समंदर में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और वियतनाम कोस्ट गार्ड की टीमें तुरंत हरकत में आईं और युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। इस आपात स्थिति को देखते हुए वियतनाम में स्थित भारतीय दूतावास भी वहां के लोकल एडमिनिस्ट्रेशन के साथ लगातार तालमेल बनाए हुए है।
लहरों का तांडव और बोट पर सवार थे 36 लोग
न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, इस बोट पर कुल 36 लोग सवार थे। इनमें 32 भारतीय सैलानी, तीन क्रू मेंबर्स (नाव कर्मी) और एक अटेंडेंट शामिल था। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए 21 लोगों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जिनमें से कुछ घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे का शिकार हुए अधिकांश पर्यटक भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल राज्यों के रहने वाले थे।
किनारे से महज 400 मीटर दूर पलटी नाव
यह हादसा उस समय हुआ जब पर्यटकों से भरी यह नाव 'होन माई रुत' द्वीप से वापस 'एन थोई' पोर्ट की तरफ लौट रही थी। बंदरगाह के तट से महज 400 मीटर की दूरी पर समंदर में अचानक उठीं बेहद ऊंची और तेज लहरों के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। तेज हवाओं और खराब मौसम को भी इस हादसे की एक मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि स्थानीय प्रशासन घटना के सही कारणों की बारीकी से जांच कर रहा है।
भारतीय दूतावास ने जारी किए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
वियतनाम में मौजूद भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर जानकारी दी कि स्थानीय अधिकारियों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है। पीड़ित परिवारों को तुरंत मदद और सही जानकारी पहुंचाने के लिए हो ची मिन्ह सिटी में भारत के कॉन्सुलेट जनरल और हनोई स्थित दूतावास में तत्काल इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए गए हैं।
मदद के लिए दूतावास ने निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं:
हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम: +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14, और +84 33 452 0414
हनोई कंट्रोल रूम: +84 91 308 9165


