More
    Homeराज्यबिहारसमस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट की छत तोड़कर शराब तस्करी के दो आरोपी फरार,...

    समस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट की छत तोड़कर शराब तस्करी के दो आरोपी फरार, चार रेलकर्मी निलंबित

    समस्तीपुर। समस्तीपुर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट से शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपी तड़के छत का एस्बेस्टस हटाकर फरार हो गए। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात एक सब-इंस्पेक्टर समेत चार रेलकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फरार आरोपियों की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर निवासी सौरभ कुमार सुमन तथा समस्तीपुर शहर के पेठियागाछी निवासी अर्जुन कुमार के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार रात समस्तीपुर स्टेशन के बरौनी छोर स्थित वॉशिंग पिट क्षेत्र से 191 बोतल विदेशी शराब के साथ आरपीएफ और रेलवे की सीआईबी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए RPF पोस्ट के पीछे बने कमरे में रखा गया था। बताया जा रहा है कि रात के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मी अन्य कार्यों में व्यस्त थे। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने कमरे की पुरानी एस्बेस्टस की छत खोल दी और रेलवे स्टेशन की ओर निकलकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब पुलिसकर्मी कमरे में पहुंचे तो दोनों बंदी गायब मिले और छत का एस्बेस्टस खुला हुआ था। इसके बाद तत्काल रेलवे कंट्रोल को सूचना दी गई और समस्तीपुर नगर थाना तथा दलसिंहसराय थाना पुलिस के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू की गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दोनों आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना के बाद आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर पी.के. चौधरी ने समस्तीपुर जीआरपी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार ने लापरवाही बरतने के आरोप में ऑन-ड्यूटी सब-इंस्पेक्टर पी.के. चौधरी, सीआईबी के सिपाही दीपक कुमार तथा सिपाही मनोज शाह और राधेश्याम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जीआरपी थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर बीरबल कुमार ने बताया कि बंदियों के फरार होने का मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here