More
    Homeराजस्थानजयपुरयह प्रतिमा केवल पत्थर की मूर्ति नहीं है, यह आने वाली पीढ़ियों...

    यह प्रतिमा केवल पत्थर की मूर्ति नहीं है, यह आने वाली पीढ़ियों को यह याद दिलाएगी कि संघर्ष के बिना अधिकार नहीं मिलते- जूली

    प्रतिमा अनावरण समारोह में संविधान की रक्षा और सामाजिक अधिकारों पर जोर, रेगर समाज ने बाबा साहेब के विचार घर-घर पहुंचाने का लिया संकल्प

    जयपुर। रेगर समाज के स्वाभिमान और सामाजिक चेतना के प्रतीक के रूप में रविवार को रेगर छात्रावास प्रबंधन समिति की ओर से संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा का अनावरण राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग, युवा, महिलाएं और छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर “जय भीम” और “संविधान जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा।

    प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को केवल आरक्षण ही नहीं दिया, बल्कि सम्मानपूर्वक जीने, समान अधिकार प्राप्त करने और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने का मार्ग भी दिखाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कुछ ताकतें संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन दलित, वंचित और शोषित समाज अब अपने अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह जागरूक है।

    जूली ने कहा कि रेगर छात्रावास प्रबंधन समिति द्वारा स्थापित यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को बाबा साहेब के संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय के संदेश की निरंतर प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक बनाकर ही संविधान की मूल भावना को मजबूत किया जा सकता है।

    उन्होंने राज्य सरकार से छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार, विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने तथा अनुसूचित जाति समाज के लोगों पर होने वाले अत्याचारों के मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की।

    कार्यक्रम में महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और बाबा साहेब द्वारा महिलाओं को दिए गए संवैधानिक अधिकारों एवं समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है।

    समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का सामूहिक संकल्प दोहराया। इस अवसर पर रेगर छात्रावास प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here