400 किलोवाट क्षमता के सौलर प्लांट से प्रतिदिन 1800 यूनिट बिजली उत्पादन, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के दिए निर्देश
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ अलवर के मिनी सचिवालय में स्थापित रूफटॉप सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, बिजली उत्पादन क्षमता और रखरखाव की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित रखरखाव तथा हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने सोलर प्लांट की विद्युत उत्पादन क्षमता, दैनिक बिजली उत्पादन, ग्रिड सप्लाई और तकनीकी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से प्लांट के रखरखाव, सोलर पैनलों की नियमित सफाई और सुरक्षा मानकों के पालन की जानकारी प्राप्त की।
डॉ. आर्तिका शुक्ला ने निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सोलर प्लांट का नियमित रखरखाव और साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्लांट में किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि बिना किसी बाधा के विद्युत उत्पादन जारी रह सके।
जिला कलक्टर ने कहा कि सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करना ऊर्जा बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। इससे बिजली बिलों में कमी आएगी और कार्बन उत्सर्जन कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी भवनों के साथ-साथ आमजन को भी सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने जिले के नागरिकों और निजी संस्थानों से भी सरकार की सोलर सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने घरों, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सोलर पैनल लगाने की अपील की।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता आर.एस. बंसल ने बताया कि मिनी सचिवालय में 400 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट 11 जून को स्थापित किया गया था। प्लांट में 738 सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 1800 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। उन्होंने बताया कि मिनी सचिवालय में प्रतिदिन लगभग इतनी ही बिजली की खपत होती है, जिससे अब बिजली बिल लगभग शून्य के बराबर होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता आर.एस. बंसल, अधिशासी अभियंता महेश देसवाल, अधिशासी अभियंता (मीटर) तरूण पाल सिंह, अखिलेश अग्रवाल, सहायक अभियंता जे.पी. गुप्ता सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


