सी.आर. एजुकेशन सोसायटी में रंगोली, मेहंदी और निबंध प्रतियोगिताओं के जरिए कौशल विकास का दिया संदेश
खैरथल। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के संयुक्त समन्वय में सी.आर. एजुकेशन सोसायटी, खैरथल में युवाओं को कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में उपनिदेशक एवं जिला रोजगार अधिकारी हरीश नैनकवाल, कनिष्ठ जिला रोजगार अधिकारी चंद्रभान, सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद, जिला कौशल समन्वयक सतीश चौधरी, सी.आर. एजुकेशन सोसायटी के सचिव नरवीर सिंह ढिल्लन, प्रशिक्षक मुकेश कुमार एवं लालचंद सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छात्राओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता तथा विश्व युवा कौशल दिवस विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने कला, रचनात्मकता और ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोसायटी के सचिव नरवीर सिंह ढिल्लन ने कहा कि आज के समय में कौशल ही युवाओं की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करती है।
मुख्य अतिथि हरीश नैनकवाल ने युवाओं से राज्य सरकार की विभिन्न कौशल विकास योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशिक्षण और कौशल ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
इस दौरान जिला कौशल समन्वयक सतीश चौधरी ने छात्र-छात्राओं को दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) तथा स्टेट स्पॉन्सर्ड स्किल डेवलपमेंट स्कीम्स की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों, पात्रता, निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी देते हुए युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने छात्राओं के उत्साह, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


