अलवर में कार्यशाला के जरिए बालिकाओं को योजनाओं, कानूनों और साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
अलवर। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र (पीएसएसके) के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, ईमान चौक, राजगढ़ में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा साइबर अपराध से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में केंद्र की काउंसलर प्रियंका बागड़ी ने छात्राओं को घरेलू हिंसा अधिनियम-2005, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पोक्सो अधिनियम-2012, साइबर अपराध तथा महिलाओं से जुड़े विभिन्न कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा या अपराध की स्थिति में कानून उनके अधिकारों की रक्षा करता है और समय पर शिकायत दर्ज कराना बेहद आवश्यक है।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विजय कुमार ने बताया कि कार्यशाला के दौरान विभाग की प्रमुख योजनाओं लाड़ो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित ऋण एवं प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी भी छात्राओं को दी गई।
इसके साथ ही वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं, घरेलू हिंसा से संरक्षण, मानसिक उत्पीड़न की स्थिति में परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सा सुविधा, पुलिस सहायता तथा अस्थायी आश्रय जैसी सेवाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
साइबर सुरक्षा पर भी किया गया जागरूक
कार्यशाला में छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता के बारे में बताया गया। साथ ही मोबाइल पर प्राप्त होने वाले ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, कानूनों और साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल और विस्तृत उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
विद्यालय स्टाफ और छात्राओं की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यशाला में कालूराम मीणा, मान्टी रानी गुप्ता, मधु भारद्वाज, हरिनारायण मीणा, देवी सहाय मीणा, हीरालाल मीणा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

