अलवर में परिवर्तन योजना की जानकारी साझा, बीएस-6, सीएनजी और विद्युत वाहनों पर मिलेगी विशेष रियायतें
अलवर। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वाहन जनित प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा लागू की जा रही परिवर्तन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को अलवर के मंडी मोड़ बस स्टैंड पर निजी बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बस ऑपरेटरों को योजना के प्रावधानों, पात्रता और मिलने वाले विभिन्न लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्रादेशिक परिवहन कार्यालय में बाल वाहिनी संचालकों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ भी अलग बैठक आयोजित कर उन्हें योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में प्रादेशिक परिवहन अधिकारी रवीन्द्र जोशी ने बताया कि केंद्र सरकार की इस योजना का उद्देश्य बीएस-4 एवं उससे निम्न मानक के ट्रक और बसों को बीएस-6, सीएनजी अथवा विद्युत वाहनों से प्रतिस्थापित करना तथा पुराने वाहनों का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से स्क्रैपिंग सुनिश्चित करना है।
22 जुलाई से शुरू होगा पंजीयन
उन्होंने बताया कि 22 जुलाई 2026 से परिवर्तन योजना के लिए परिवर्तन पोर्टल पर लाभार्थियों का ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ किया जाएगा। पात्र वाहन मालिक योजना के तहत आवेदन कर विभिन्न वित्तीय एवं कर संबंधी रियायतों का लाभ उठा सकेंगे।
योजना के तहत मिलेंगी कई रियायतें
बैठक में बताया गया कि योजना के अंतर्गत वाहन मालिकों को कई महत्वपूर्ण लाभ दिए जाएंगे, जिनमें—
- मोटर वाहन कर एवं पंजीयन शुल्क में 100 प्रतिशत छूट
- वाहन ऋण पर 5 प्रतिशत तक की छूट
- प्रतिमाह ईंधन वाउचर की सुविधा
- पुराने वाहनों पर बकाया कर में राहत
- वाहन निर्माता कंपनियों द्वारा नए वाहन की कीमत पर 8 प्रतिशत तक की छूट
जैसी सुविधाएं शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि इन प्रोत्साहनों का उद्देश्य पुराने एवं प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को सड़कों से हटाकर स्वच्छ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
बस संचालकों और स्कूल प्रतिनिधियों को किया जागरूक
बैठक के दौरान बस ऑपरेटरों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक पुराने वाहनों को योजना के तहत प्रतिस्थापित करने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि सुरक्षित, ईंधन-कुशल और आधुनिक परिवहन व्यवस्था भी विकसित होगी।
बैठक में बस ऑपरेटर्स यूनियन के अध्यक्ष मुरारी लाल भारद्वाज, बस ऑपरेटर यूनियन के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

