More
    Homeराजस्थानखैरथलखैरथल को मिली आधुनिक रेल सुविधाओं की सौगात, अमृत भारत योजना में...

    खैरथल को मिली आधुनिक रेल सुविधाओं की सौगात, अमृत भारत योजना में पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का लोकार्पण

    अमृत भारत योजना के तहत 13 करोड़ रुपये से हुआ रेलवे स्टेशन का कायाकल्प, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव बोले— क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

    खैरथल। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित खैरथल रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर से वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने उद्घाटन पट्टिकाओं का अनावरण कर स्टेशन पर विकसित आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित किया। समारोह के दौरान पद्मश्री सम्मानित सूर्यदेव बारेठ एवं ऊषा चौमर का भी सम्मान किया गया।

    केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खैरथल के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से पिछले वर्षों में खैरथल रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-अहमदाबाद मेल, गरीब रथ एक्सप्रेस, मालानी एक्सप्रेस, मंडोर एक्सप्रेस तथा स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराया गया है। भविष्य में भी अन्य आवश्यक ट्रेनों के ठहराव के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

    उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर आकर्षक पोर्च, दो नए प्रवेश द्वार, विस्तारित पार्किंग, नया फुट ओवर ब्रिज, रैंप, आधुनिक प्रतीक्षालय, सहायता केंद्र, पेयजल सुविधा, बेहतर टिकट व्यवस्था तथा स्थानीय कला से सुसज्जित भवन सहित अनेक आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे खैरथल, किशनगढ़बास, तिजारा तथा आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित रेल सुविधाएं मिलेंगी।

    भूपेंद्र यादव ने कहा कि क्षेत्र में जल संरक्षण, पेयजल योजनाओं, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से बेहतर संपर्क, खैरथल बाईपास तथा भिवाड़ी विकास प्राधिकरण के माध्यम से विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक माह क्षेत्र के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करते हैं।

    पद्मश्री सम्मानित सूर्यदेव बारेठ ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी शहर के विकास में रेलवे स्टेशन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से व्यापार, उद्योग, रोजगार और यात्रियों की सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। वहीं पूर्व विधायक रामहेत यादव ने खैरथल में मेडिकल कॉलेज एवं स्टेडियम जैसी विकास परियोजनाओं की आवश्यकता पर बल दिया।

    कार्यक्रम में जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, जिला कलक्टर अतुल प्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, पूर्व सभापति अशोक डाटा सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here