अलवर सहित कई क्षेत्रों में सदस्यता अभियान होगा तेज, रेल विकास संघर्ष समिति संगठन विस्तार को देगी नई गति
अलवर। रेल विकास संघर्ष समिति, अलवर (पंजीकृत) ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से गौरव शर्मा को समिति का संगठन मंत्री नियुक्त किया है। समिति की कार्यकारिणी की ओर से यह निर्णय संगठन विस्तार और रेल विकास से जुड़े जनआंदोलन को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया।
समिति के अध्यक्ष कमल कान्त खड़िया एवं उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने बताया कि गौरव शर्मा लंबे समय से समिति के सक्रिय सदस्य के रूप में रेल विकास से जुड़े अभियानों, जनसंपर्क, बैठकों और विभिन्न कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कई क्षेत्रों में होगा संगठन का विस्तार
नवनियुक्त संगठन मंत्री गौरव शर्मा अलवर के साथ-साथ डीग, गोवर्धन, मथुरा, रेवाड़ी एवं अन्य क्षेत्रों में संगठन का विस्तार करने, नए सदस्यों को जोड़ने, समिति की बैठकों एवं अभियानों का समन्वय करने तथा अधिक से अधिक लोगों को रेल विकास अभियान से जोड़ने का कार्य करेंगे।
जनभागीदारी से मजबूत होगा रेल विकास आंदोलन
अध्यक्ष कमल कान्त खड़िया ने कहा कि किसी भी जनआंदोलन की सफलता उसके मजबूत संगठन पर निर्भर करती है। समिति का उद्देश्य केवल मांग उठाना नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से अलवर एवं आसपास के क्षेत्रों के रेल विकास के लिए प्रभावी जनआंदोलन तैयार करना है।
उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं में होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि गौरव शर्मा के संगठन मंत्री बनने से समिति के विस्तार को नई गति मिलेगी और अधिक से अधिक जागरूक नागरिक इस अभियान से जुड़ेंगे।
गौरव शर्मा ने नियुक्ति पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के विस्तार और रेल विकास से जुड़े जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

