जयपुर से सैकड़ों श्रद्धालु अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर तीर्थयात्रा पर निकले, सिद्धचक्र महामंडल विधान में होंगे शामिल
जयपुर। जैन धर्म के पावन अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर सिद्धों की आराधना के लिए शनिवार को जयपुर से सैकड़ों श्रद्धालुओं का एक विशाल यात्री दल झारखंड स्थित जैन धर्म के सर्वोच्च शाश्वत तीर्थ सम्मेद शिखरजी के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु दोपहर 2:30 बजे जयपुर जंक्शन से अजमेर–सियालदह एक्सप्रेस के माध्यम से अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर निकले।
यात्री 19 जुलाई को सम्मेद शिखरजी पहुंचेंगे तथा 20 जुलाई को तीर्थराज की वंदना कर 21 से 29 जुलाई तक आयोजित अष्टान्हिका महापर्व के दौरान सिद्धों की आराधना एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
दो दलों में होगी धार्मिक साधना
अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन युवा परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि प्रथम दल का नेतृत्व आलोक शाह एवं प्रमिला शाह (गायत्री नगर, महारानी फार्म) कर रहे हैं। यह दल गुणायतन में परम पूज्य मुनि प्रमाण सागर महाराज के सानिध्य में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान में सहभागी बनेगा।
दूसरे दल का नेतृत्व अनिल जैन पाटनी (दुर्गापुरा) कर रहे हैं। इस दल के प्रतिष्ठाचार्य पंडित विमल कुमार जैन (बनेठा) हैं, जिनके मार्गदर्शन में शांतिसागर धाम में सिद्धभूमि पर सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं सिद्धों की विशेष आराधना संपन्न होगी।
श्रद्धालुओं का किया गया सम्मान
यात्रा पर रवाना होने से पूर्व गायत्री नगर महारानी फार्म मंदिर प्रबंध समिति के संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया, पदम झांझरी, सुनील सोगानी, सोनाली ठोलिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


