विरोध के अगले दिन महिलाओं ने पुलिस से लगाई गुहार, कहा— रिहायशी क्षेत्र में शराब का ठेका नहीं चाहिए
अलवर। शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित जयपुर रोड के दौलतनगर में आबादी के बीच संचालित शराब के ठेके को लेकर स्थानीय महिलाओं का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं अरावली विहार थाना पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर शराब का ठेका बंद कराने की मांग की।
स्थानीय महिला संपत्ति देवी ने बताया कि करीब एक माह से क्षेत्र में शराब का गोदाम और ठेका संचालित हो रहा है। इसके कारण शराब खरीदने आने वाले लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ गई है, जिससे महिलाओं, बच्चों और स्थानीय परिवारों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।
महिलाओं ने बताया कि रविवार को इसी मांग को लेकर जयपुर रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद जाम खुलवाया। उस समय पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था तथा कुछ समय के लिए ठेका भी बंद कराया गया, लेकिन महिलाओं का आरोप है कि रात में दोबारा दुकान खोल दी गई।
इसी के विरोध में सोमवार को महिलाएं एकजुट होकर अरावली विहार थाना पहुंचीं और अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए आबादी के बीच संचालित शराब का ठेका बंद कराने की मांग दोहराई।
महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं है, बल्कि रिहायशी क्षेत्र में संचालित शराब के ठेके से है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है और बच्चों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं की शिकायत सुनकर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध आगे भी जारी रखेंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


