अलवर में नेता प्रतिपक्ष बोले— विधानसभा से सड़क तक उठाएंगे आशा सहयोगिनियों की मांगें, जगन्नाथ जी से सरकार को सद्बुद्धि देने की करेंगे प्रार्थना
अलवर। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा एवं दर्शन के लिए जाते समय राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गुरुवार को मिनी सचिवालय के बाहर विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठी आशा सहयोगिनियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को विधानसभा सहित सभी उचित मंचों पर उठाने का आश्वासन दिया।
धरनास्थल पर आशा सहयोगिनियों ने नेता प्रतिपक्ष को बताया कि वे लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन अब तक सरकार और प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने अपनी मांगों और समस्याओं से जूली को विस्तार से अवगत कराया।
टीकाराम जूली ने आशा सहयोगिनियों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज को पूरी मजबूती के साथ सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और महिला कर्मियों की जायज मांगों को विधानसभा से लेकर हर उचित मंच पर उठाया जाएगा तथा सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।
जूली ने कहा कि भगवान जगन्नाथ के दर्शन के दौरान वे प्रदेश सरकार को सद्बुद्धि मिलने की प्रार्थना करेंगे, ताकि लंबे समय से आंदोलन कर रही आशा सहयोगिनियों की मांगों का जल्द समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी या महिला को अपनी मांगों के लिए लंबे समय तक सड़क पर बैठकर आंदोलन करने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि आशा सहयोगिनियां पिछले कई दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अलवर के मिनी सचिवालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। अब तक उनकी मांगों पर कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष की मुलाकात और समर्थन के आश्वासन से प्रदर्शनकारी महिलाओं में अपनी मांगों के समाधान को लेकर नई उम्मीद जगी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


