More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशजल जीवन मिशन में सेंध! रतलाम से मामा-भांजा गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की...

    जल जीवन मिशन में सेंध! रतलाम से मामा-भांजा गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की तलाश

    रतलाम: रतलाम जिले में जल जीवन मिशन की योजना को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय पाइप चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बिलपांक थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 20 लाख रुपये कीमत के लोहे के 155 पाइप चोरी करने के मामले में राजस्थान के दो ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इन पाइपों को चुराकर हरियाणा में बेच दिया था। फिलहाल पुलिस रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क और खरीदार की तलाश कर रही है।

    कंपनी की शिकायत पर शुरू हुई जांच

    यह मामला मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (हैदराबाद) की शिकायत के बाद उजागर हुआ। कंपनी के मैनेजर ने बिलपांक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि माही जल समूह योजना के तहत सुराना-शिवपुर रोड पर 300 एमएम डायमीटर के 809 लोहे के पाइप रखे गए थे। बारिश के चलते काम रुका हुआ था, लेकिन 14 जुलाई को निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वहां से 155 पाइप गायब हैं। इस पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की।

    सीसीटीवी फुटेज से खुला वारदात का राज

    पुलिस ने जब घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो 14 जुलाई की देर रात 2:46 बजे दो लोग 'हाइड्रा' मशीन की मदद से पाइपों को आइशर ट्रकों में लोड करते दिखाई दिए। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि वारदात में इस्तेमाल हाइड्रा मशीन सालाखेड़ी स्थित एक निजी पार्किंग में खड़ी थी। इसी सुराग के सहारे पुलिस राजस्थान के अलवर निवासी मुख्य आरोपी वसीम तक पहुंचने में कामयाब रही।

    मामा-भांजे ने रची थी चोरी की साजिश

    पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वसीम ने पहले रावटी क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का ठेका लिया था, लेकिन काम बंद होने के बाद घर लौटते समय उसकी नीयत खराब हो गई। उसने रोड किनारे पड़े पाइपों को चुराने की योजना बनाई और अपने मामा शाहरुख को भी इसमें शामिल कर लिया। पुलिस ने अलवर से दोनों मामा-भांजे को धर दबोचा। आरोपियों ने राजस्थान के दौसा जिले से भी इसी तरह पाइप चोरी करने का अपराध स्वीकार किया है।

    भिवानी भेजा गया चोरी का माल, जांच जारी

    पकड़े गए ठेकेदारों ने कुबूल किया कि चुराए गए सभी पाइप हरियाणा के भिवानी निवासी आरिफ मेवाती को बेचे गए हैं। आरिफ को गिरफ्तार करने और माल बरामद करने के लिए पुलिस की एक टीम हरियाणा रवाना कर दी गई है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल ट्रक, हाइड्रा चालकों की भूमिका और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here