More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशATM पर मदद के बहाने ठगी, 'ट्रांजेक्शन फेल' कहकर बदला कार्ड और...

    ATM पर मदद के बहाने ठगी, ‘ट्रांजेक्शन फेल’ कहकर बदला कार्ड और निकाल लिए 39 हजार

    जबलपुर: शहर के महाराजपुर क्षेत्र में एक निजी स्कूल की शिक्षिका के साथ एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता अपनी सास के बैंक खाते से नकदी निकालने एटीएम पहुंची थी, जहां पहले से मौजूद एक अज्ञात शातिर युवक ने मदद के बहाने झांसा देकर उनका कार्ड बदल दिया। पीड़िता के एटीएम से निकलते ही ठग ने खाते से 38,500 रुपये पार कर दिए। शिकायत के बाद अधारताल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस फुटेज खंगालकर संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है।

    मदद के बहाने झांसा देकर ऐसे बदला एटीएम कार्ड

    अधारताल थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महाराजपुर पटेल नगर निवासी शिवानी शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। दोपहर के समय वह महाराजपुर स्थित एसबीआई के एटीएम से अपनी सास प्रमीला शर्मा का कार्ड लेकर रुपये निकालने गई थीं। वहां उन्होंने 1500 रुपये निकाले ही थे कि इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां आया और झांसा दिया कि उनका ट्रांजेक्शन सही से पूरा नहीं हुआ है। आरोपी ने उन्हें दोबारा कार्ड लगाकर पिन डालने को कहा और इसी दौरान बड़ी चालाकी से मशीन से उनका असली एटीएम निकालकर दूसरा फर्जी कार्ड पकड़ा दिया।

    मोबाइल पर मैसेज आते ही उड़े परिवार के होश

    शिक्षिका को ठगी का जरा भी अहसास नहीं हुआ और वह बदला हुआ कार्ड लेकर घर लौट आईं। हालांकि, कुछ ही देर बाद उनकी सास के मोबाइल पर खाते से रुपये कटने का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत पूरी बात अपने पति को बताई, जिसके बाद दंपती पासबुक का मिनी स्टेटमेंट निकालने दोबारा उसी एटीएम पहुंचे। जब उन्होंने मशीन में कार्ड डालकर पिन दर्ज किया तो स्क्रीन पर गलत पिन लिखा हुआ आया। ध्यान से देखने पर पता चला कि कार्ड पर सुरेंद्र कुमार नामदेव नाम लिखा हुआ था, जिससे यह साफ हो गया कि आरोपी ने धोखे से कार्ड बदलकर खाते से 38,500 रुपये उड़ा लिए हैं।

    एसपी की सुरक्षा बैठक के तुरंत बाद घटी वारदात

    इस वारदात ने स्थानीय पुलिस और बैंक प्रशासन की अलर्टनेस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय ने जिले के सभी बैंक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की थी। इस बैठक में लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम, एटीएम फ्रॉड और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम को लेकर सख्त निर्देश दिए गए थे। इस जागरूकता बैठक के तुरंत बाद घटी इस पहली बड़ी घटना ने पुलिस के साथ-साथ बैंक प्रबंधन को भी पूरी तरह सतर्क मोड पर ला दिया है।

    सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

    मामले की गंभीरता को देखते हुए अधारताल पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस की विशेष टीम एटीएम बूथ और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी स्थिति में अनजान व्यक्ति की मदद न लें और एटीएम बूथ में अपना पिन किसी के सामने दर्ज न करें।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here