वित्तीय समावेशन के उत्कृष्ट कार्य पर समृद्ध ग्राम्य अभियान सम्मानित, 198 सीएसपी के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचीं बैंकिंग सेवाएं
भरतपुर। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की वित्तीय समावेशन योजना के अंतर्गत राज्य के 13 जिलों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए समृद्ध ग्राम्य अभियान संस्था को राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। संस्था की इस उपलब्धि पर योजना समन्वयक नितिन शर्मा को एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक ओंकार नाथ चौधरी, उप महाप्रबंधक विश्वनाथ यादव, सहायक महाप्रबंधक आर.के. गुप्ता तथा हीरा मीणा ने प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
संस्था के सचिव सीताराम गुप्ता ने बताया कि समृद्ध ग्राम्य अभियान पिछले कई वर्षों से भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। वर्तमान में संस्था प्रदेश के विभिन्न जिलों में 198 ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालित कर रही है, जिनके माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके गांव में ही बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इन केंद्रों के जरिए प्रतिदिन हजारों ग्रामीण नकद जमा, नकद निकासी, धन हस्तांतरण, आधार आधारित बैंकिंग सेवाओं सहित ₹30,000 तक के लेन-देन की सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को बैंक शाखाओं के चक्कर लगाने से राहत मिली है और डिजिटल बैंकिंग को भी बढ़ावा मिला है।
संस्था द्वारा प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना जैसी केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण गरीब, किसान, श्रमिक एवं असंगठित क्षेत्र के लोगों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
संस्था के उत्कृष्ट कार्यों का परिणाम यह रहा कि जून माह में ही 2,609 लोगों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, 1,123 लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा 469 लोगों को अटल पेंशन योजना से जोड़ा गया। इसके अलावा 2,896 नए बैंक खाते खोलकर वित्तीय समावेशन अभियान को और अधिक गति प्रदान की गई। संस्था द्वारा री-केवाईसी, आधार सीडिंग और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को भी प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है।
वित्तीय समावेशन योजना के समन्वयक नितिन शर्मा ने बताया कि सम्मान समारोह के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक ओंकार नाथ चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं एवं बैंक मित्रों को री-केवाईसी अभियान तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के गरीब, जरूरतमंद एवं असंगठित वर्ग के लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। इसके लिए गांव-गांव विशेष शिविर आयोजित कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
संस्था के सचिव सीताराम गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान केवल समृद्ध ग्राम्य अभियान संस्था का नहीं, बल्कि संस्था से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, बैंक मित्रों, ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों तथा उन हजारों ग्रामीण परिवारों का भी सम्मान है जिन्होंने संस्था पर विश्वास जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्था भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में कार्य करती रहेगी तथा आगामी महीनों में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ विशेष अभियान एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


