संस्कार के साथ प्रतिभा को मिला सम्मान, भारत विकास परिषद ने गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम से जगाई नई प्रेरणा
अलवर। भारत विकास परिषद, अलवर शाखा द्वारा सोमवार को श्री ओसवाल जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं ओसवाल गर्ल्स पब्लिक स्कूल में “गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन” संस्कारपरक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति के अनुरूप गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना, मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा छात्र-छात्राओं में नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत विकास परिषद अलवर शाखा के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों ने मां सरस्वती तथा भारत रत्न, पूर्व राष्ट्रपति एवं “मिसाइल मैन” डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं तिलक कर किया।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता, कोषाध्यक्ष लोकेश गोयल, सदस्य रुपेश गुप्ता, अलवर इंस्टीट्यूट ऑफ एक्युप्रेशर एंड एक्युपंक्चर की निदेशक कविता गुप्ता के निर्देशन में टीसीएम ट्रेनर जीवन शेखावत तथा रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली के पर्सनल सेक्रेटरी ओमप्रकाश उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया।
विद्यालय के डायरेक्टर विनोद शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में भारत विकास परिषद द्वारा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। वहीं टीसीएम ट्रेनर जीवन शेखावत ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को एक्युप्रेशर एवं एक्युपंक्चर जैसी प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान परिषद की ओर से दोनों विद्यालयों के 10 उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र तथा 7 उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में माही शर्मा, प्रियांशी सैन, खुशी गुप्ता, इशिता मीणा, हर्षिता, सलोनी, यशवर्धन यादव, यश कुमार साहू, तृप्ति सैनी एवं निहारिका मित्तल शामिल रहे। वहीं सम्मानित शिक्षकों में सुधा राजावत, बलराम सिंह, दरयाब सिंह, अंकिता भार्गव, अंजू सैनी, पूनम सैन एवं लक्ष्मी गुप्ता को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने भारत विकास परिषद की स्थापना, उद्देश्यों एवं समाज सेवा के विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि गुरु का सम्मान और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का अभिनंदन भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है। इससे शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना को नई मजबूती मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य मोना मैडम ने भारत विकास परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने परिषद के सांस्कृतिक एवं सामाजिक प्रयासों की सराहना की।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ओसवाल पब्लिक स्कूल एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, नया बास में भी गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


