रूपबास से सुभाष चौक तक उमड़ा आस्था का सैलाब, 20 धार्मिक झांकियों ने बिखेरा सनातन संस्कृति का वैभव
अलवर। शहर के रूपबास से सोमवार को भगवान श्री जगन्नाथ जी की वापसी रथयात्रा श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक परंपराओं के साथ सुभाष चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के लिए रवाना हुई। भगवान के रथ के दर्शन करने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे यात्रा मार्ग में “जय जगन्नाथ” के जयघोष, शंखनाद और भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
श्री जगन्नाथ मंदिर के महंत धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि भगवान जगन्नाथ अपने वार्षिक प्रवास के बाद परंपरानुसार रूपबास से अपने निज धाम सुभाष चौक स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर लौट रहे हैं। इस अवसर पर निकाली गई वापसी रथयात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
रथयात्रा की विशेष आकर्षण 20 भव्य धार्मिक झांकियां रहीं, जिनमें भगवान श्री जगन्नाथ की लीलाओं, भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक संदेशों का मनमोहक चित्रण किया गया। झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया और पूरे मार्ग में लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी, प्रसाद वितरण किया तथा रथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ रथयात्रा में शामिल हुए।
रथयात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की समुचित व्यवस्था की, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
भगवान जगन्नाथ की वापसी रथयात्रा ने पूरे अलवर शहर को भक्ति, आस्था और धार्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान से प्रदेश एवं देश में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


