चंबा। चंबा के सुल्तानपुर वार्ड और आसपास की ग्राम पंचायतों में सोमवार रात को हुई तेज मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बारिश के कारण अचानक आए पानी और मलबे के तेज बहाव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सरोल, परेल और तड़ोली पंचायतों में पानी और मलबा लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
नेशनल हाईवे ठप और पुल पर जलभराव
बारिश के रौद्र रूप के कारण परेल पुल पर भारी जलभराव हो गया है। इसके साथ ही पहाड़ी से मलबा गिरने की वजह से चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे परेल के पास पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे यातायात ठप पड़ गया है।
घर पर गिरे पत्थर, लोगों ने भागकर बचाई जान
मूसलाधार बारिश के दौरान ओबडी क्षेत्र में पहाड़ी दरकने से भारी पत्थर और मलबा एक रिहायशी मकान पर आ गिरा। पत्थर गिरते ही मकान में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत बाहर भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि समय रहते लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया।


