More
    Homeराजस्थानखैरथलमाया कॉलोनी में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, लाठी-डंडे और पत्थर...

    माया कॉलोनी में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, लाठी-डंडे और पत्थर चले

    खैरथल में झड़प के बाद पुलिस ने 4 लोगों को पकड़ा, कॉलोनीवासियों ने झुग्गियां हटाने की मांग उठाई

    खैरथल। जिले के किशनगढ़ रोड स्थित माया कॉलोनी में सोमवार को खानाबदोश परिवारों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी भी हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शांति भंग के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया।

    जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम दोनों गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। इस दौरान पत्थरबाजी होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    रात ढाई बजे फिर भड़का विवाद

    बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत हो गया था, लेकिन रात करीब 2:30 बजे दोनों गुटों के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े की आवाज सुनकर माया कॉलोनी के कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। देर रात हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

    मकान में घुसकर बचने का प्रयास, पीछा कर हमला करने का आरोप

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े के दौरान एक पक्ष के चार लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए पास स्थित एक मकान में घुसने का प्रयास किया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनका पीछा किया और मकान के दरवाजे पर पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

    घटना के दौरान मकान में मौजूद परिवार भी दहशत में आ गया। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

    झड़प के मामले में चार गिरफ्तार

    खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने झगड़ा करते हुए चार लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

    पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

    कॉलोनीवासियों ने झुग्गियां हटाने की मांग उठाई

    घटना के बाद माया कॉलोनी के कुछ निवासियों ने क्षेत्र में बनी झुग्गियों को हटाने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन होने वाले विवादों से कॉलोनी में असुरक्षा और भय का माहौल बनता है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र की स्थिति का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

    स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here