वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने गुरु वंदन कार्यक्रम में संत-महात्माओं का किया अभिनंदन, जिलेभर में हुआ सम्मान समारोह
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को जिलेभर में “गुरु वंदन कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न आश्रमों, मठों और मंदिरों में पहुंचकर संत-महात्माओं, महंतों एवं पुजारियों का सम्मान किया। उन्हें गुरु वंदन संदेश, श्रीफल, शॉल, दुपट्टा, मिठाई तथा ₹2100 की सम्मान राशि भेंट कर अभिनंदन किया गया।
इसी क्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने हीरानाथ बाबा की बगीची पहुंचकर संत रुपनाथ जी महाराज, अट्टा मंदिर के महंत श्री रामदास जी, वेंकटेश बालाजी दिव्यधाम मंदिर के महंत सुदर्शनाचार्य महाराज, हंस महाराज आश्रम के महंत तथा अयोध्या धाम आश्रम के महंत संत गंगादास वेदांती महाराज का सम्मान किया। उन्होंने संतों को सम्मान राशि, श्रीफल, शॉल, मिठाई एवं गुरु वंदन संदेश भेंट कर चरण वंदन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा संत समाज के नाम भेजा गया शुभकामना संदेश भी पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर सत्य, ज्ञान और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर करते हैं।
उन्होंने कहा कि संत समाज केवल आध्यात्मिक चेतना का प्रसार ही नहीं करता, बल्कि सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गुरुजनों का सम्मान हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है और समाज को उनसे निरंतर प्रेरणा मिलती रहती है।
गुरु वंदन कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न उपखंडों में भी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने धर्मगुरुओं का सम्मान किया। मालाखेड़ा उपखंड में महावीर गिरी जी महाराज एवं बाबूलाल योगी, थानागाजी में वैजनाथ महाराज एवं पूर्णनाथ महाराज, राजगढ़ में घनश्यामदास महाराज एवं श्रद्धानंद जी महाराज, कठूमर में श्यामदास महाराज एवं विजयदास महाराज, रामगढ़ में ब्रह्ममुनि जी महाराज एवं नंदलाल जी महाराज, जबकि रैणी उपखंड में काली कमली आश्रम के महंत बालमुनि जी महाराज का सम्मान कर गुरु वंदन संदेश भेंट किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


