जनभागीदारी से हरियालो राजस्थान अभियान बना जन-जन का संकल्प, जिला कलक्टर ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अलवर। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान “हरियालो राजस्थान (एक पेड़ माँ के नाम)” के तहत बुधवार को अलवर जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ पौधारोपण अभियान चलाया गया। सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के सहयोग से जिले में एक ही दिन में साढ़े 5 लाख से अधिक पौधे लगाए गए। अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने की दिशा में नई मिसाल कायम की।

जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा करीब 2 लाख, पंचायती राज विभाग द्वारा करीब 2 लाख, वन विभाग द्वारा करीब 70 हजार, जबकि नगर विकास न्यास (यूआईटी) एवं नगर निगम द्वारा 20-20 हजार पौधों का रोपण किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों एवं आमजन के सहयोग से जिलेभर में कुल साढ़े 5 लाख से अधिक पौधे लगाए गए। लगाए गए प्रत्येक पौधे का विवरण एवं फोटो हरियालो राजस्थान मोबाइल एप पर अपलोड किया गया।
जिला कलक्टर ने किया पौधारोपण, नागरिकों से की संरक्षण की अपील
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने नगर निगम द्वारा पुराने भूरासिद्ध मंदिर के आसपास आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर स्वयं पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद नगर विकास न्यास की ओर से एमआईए औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता की।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी ले। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर नगर विकास न्यास की सचिव श्रीमती स्नेहल धाईगुडे नाना, उप सचिव श्रीमती बीना महावर, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
सभी विभागों और संस्थाओं ने निभाई सक्रिय भूमिका
अभियान के दौरान शिक्षा, वन, पंचायती राज, कृषि, सार्वजनिक निर्माण, उद्यानिकी, जल संसाधन, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


