More
    Homeमनोरंजनएक ऐसा फिल्मकार जिसके क्रोध ने ले ली बेटी, पत्नी की जान

    एक ऐसा फिल्मकार जिसके क्रोध ने ले ली बेटी, पत्नी की जान

    मुंबई। ब्रज सदाना एक बेहतरीन फिल्मकार थे, जिन्होंने फिल्म निर्माण में आधुनिक तकनीकों का प्रयोग किया। उनकी मार्डन फिल्म ‘यकीन’ से सिनेमा में एक नई लहर आई थी। इसी तरह फिल्म ‘ये रात फिर ना आएगी’, ‘विक्टोरिया नं. 203’ काफी सफल हुई थीं। उन्होंने उस दौर की बेहतरीन अभिनेत्री सईदा खान से प्रेम विवाह किया था। राहुल ने बताया कि उनके पिता एचएस रवेल ने उन्हें फिल्म ‘कांच की गुड़िया’ में ब्रेक दिया था, इसलिए उनसे एक अलग ही अपनेपन का रिश्ता बनता था। मैं उन्हें सईदा सिस्टर कहता था। उनके बेटे कमल सदाना से मेरे भांजे रजत रवेल की अच्छी दोस्ती थी। इसमें कोई दोराय नहीं कि ब्रज सदाना एक बेहतरीन फिल्मकार थे, पर कुछ आदतों के आगे वे खुद बेबस हो जाते थे।

    रिवाल्वर जब्त होने पर नकली रखी

    ब्रज जी को रिवाल्वर का शौक था। उनके पास लाइसेंसी रिवाल्वर थी, लेकिन कई बार इंसान शौक में ऐसा कुछ कर जाता है जो लोगों को कतई मंजूर नहीं होता। ब्रज कई कलाकारों से कहते थे कि तुमने मेरी फिल्म में काम नहीं किया तो गोली मार दूंगा। एक फिल्म में वह विनोद खन्ना को लेना चाहते थे, डेट्स ना मिलने पर उन्होंने विनोद खन्ना पर रिवाल्वर तान दी थी। परिवार के साथ भी कई बार वे शराब के नशे में झगड़ा कर बैठते थे। एक बार उन्होंने अपने नौकर की ओर रिवाल्वर घुमाते हुए हवा में फायर किया था, डर के मारे नौकर काम छोड़कर भाग गया था।

    सईदा सिस्टर ने ब्रज जी के गुस्से में गोली चलाने वाली बातें अभिनेत्री नर्गिस को बताई थी, जिसकी शिकायत जब उन्होंने पुलिस कमिश्नर से की तो उनकी रिवाल्वर जब्त कर ली गई थी। लेकिन शौक के हाथों मजबूर ब्रज ने नकली रिवाल्वर रखनी शुरू कर दी। हालांकि बाद में व्यवहार में सुधार होने पर उन्हें रिवाल्वर लौटा दी गई थी। वह बांद्रा में मेरे घर के बहुत करीब रहते थे।

    रोंगटे खड़े कर देने वाली रात

    ब्रज के बेटे कमल के जन्मदिन पर उनके घर में एक छोटा सा डिनर रखा गया था। मेरा भांजा रजत भी वहां गया था। उनके घर में हंसी-खुशी का माहौल था पर थोड़ी ही देर में रजत घर लौट आया। उसने बताया कि ब्रज अंकल बहुत गुस्से में थे, इसलिए वहां रुकना ठीक नहीं लगा। करीब 10 मिनट ही हुए होंगे कि फोन की घंटी बजी। रजत ने फोन उठाया। रिसीवर रखते ही उसने बताया कि ब्रज अंकल ने गोली चला दी है। ये सुनते ही मैं, मेरी पत्नी रीता और रजत उनके घर के लिए निकल गए। वहां पहुंचे तो देखा कि पुलिस की कई गाड़ियां और करीब 100 पुलिसकर्मी मौजूद थे। पता चला कि ब्रज जी ने शराब के नशे में पहले बेटी को गोली मार दी थी, गोली की आवाज सुनते ही दूसरे कमरे में मौजूद उनकी पत्नी सईदा जब दौड़कर वहां पहुंची तो उन्होंने पत्नी को भी गोली मार दी।

    गोली की आवाज सुनकर दौड़ पड़े कमल

    इतने में कमल और उसका मित्र भी जहां से गोली की आवाज आई, उस कमरे की ओर दौड़े। ब्रज जी का क्रोध शांत नहीं हुआ था। रिवाल्वर में अभी गोलियां बची थीं, उन्होंने बेटी की सहेली, कमल और उसके मित्र पर भी गोली चलाई, लेकिन उनका निशाना चूक गया। क्रोध में वे अपने कमरे में चले गए और शराब पीनी शुरू कर दी। कुछ ही समय बीता होगा कि गोली की एक और आवाज आई। इस बार उन्होंने स्वयं को गोली मार दी। उनका कुत्ता दरवाजे पर बैठा था,जो किसी को भीतर उनके पास जाने नहीं दे रहा था, बड़ी मुश्किल से उसे वहां से हटाकर पुलिस ने अपनी कार्यवाही पूरी की।

    खून में डूब गया प्यार का किस्सा

    ये वाकया रोंगटे खड़े कर देता है, इस गुस्से के पीछे सिर्फ शराब नहीं थी, ब्रज जी का क्रोध और कुछ अन्य वजहें भी थीं। ब्रज सदाना जिन्होंने स्वयं प्रेम विवाह किया था, अपनी फिल्मों में खूबसूरत अंदाज में प्यार की कहानियां कहीं, वो अपनी ही बेटी के प्रेम के विरुद्ध थे। बेटी जिस लड़के से शादी करना चाहती थी, वे उसके लिए तैयार नहीं थे। हादसे के अगले दिन उनका अंतिम संस्कार हुआ, इंडस्ट्री की सभी बड़ी हस्तियां वहां मौजूद थीं पर माहौल बहुत ही अजीब था। क्रोध और रिवाल्वर के शौक ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया था!

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here