More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशएक्सप्रेसवे पर हादसे ने छीनी चार जिंदगियां, खाटू श्याम जा रहे लोगों...

    एक्सप्रेसवे पर हादसे ने छीनी चार जिंदगियां, खाटू श्याम जा रहे लोगों की कार ट्रक से टकराई

    रतलाम: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शिवगढ़ के समीप एक दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा सामने आया है। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात राजस्थान स्थित खाटू श्याम के दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार की कार एक्सप्रेसवे पर खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भयानक दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा हुआ था, तभी तेज रफ्तार अर्टिगा कार नियंत्रण खोकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे की सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों तथा टोल कर्मियों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

    भीषण टक्कर से कार के उड़े परखच्चे

    यह दुखद घटना दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रात करीब 2:00 बजे घटी। कोटा की ओर जा रही अर्टिगा कार जब सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई, तो टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए। टोल कंपनी के कर्मचारियों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे मृतकों और घायलों को बाहर निकाला।

    इंदौर, धार और झाबुआ के रहने वाले थे सभी रिश्तेदार

    हादसे का शिकार हुए सभी लोग आपस में करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जो मूल रूप से इंदौर, धार और झाबुआ जिले के निवासी हैं। ये सभी लोग झाबुआ के थांदला से अपनी कार में सवार होकर खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। इस दुर्घटना में तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

    मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज जारी

    अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इसके साथ ही मृतकों के शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि सभी पीड़ित आपस में रिश्तेदार थे। शिवगढ़ थाना पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

    गौरतलब है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पिछले तीन महीनों के दौरान सड़क हादसों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें से अधिकांश दुर्घटनाएं रात के वक्त ही हुई हैं, जहां तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर या तो रेलिंग से टकराए हैं या खड़े वाहनों का शिकार बने हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here