जयपुर। राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) की अधिकारी पिंकी मीणा को दौसा में नई तैनाती मिलने के महज 48 घंटे के भीतर राज्य सरकार ने एपीओ (Awaiting Posting Orders) कर दिया है। कार्मिक विभाग ने गुरुवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी किए। आदेश में इस अचानक की गई कार्रवाई का कारण 'प्रशासनिक' बताया गया है। एपीओ अवधि के दौरान उन्हें कार्मिक विभाग (DOP), जयपुर में अपनी उपस्थिति देनी होगी।
दौसा से ही हुई थी करियर की शुरुआत, जेल भी जाना पड़ा
वर्ष 2017 बैच की आरएएस अधिकारी पिंकी मीणा के प्रशासनिक करियर की शुरुआत दौसा जिले के बांदीकुई में उपखंड अधिकारी (SDM) के रूप में हुई थी। वर्ष 2021 में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे निर्माण से जुड़े एक मामले में 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें जेल जाना पड़ा और लंबे समय तक निलंबन झेलना पड़ा। राजस्थान हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद सरकार ने इसी वर्ष 21 मई को उनका निलंबन रद्द किया था।
सवाई माधोपुर से दौसा तबादला और 48 घंटे में गाज
बहाली के बाद उन्हें सवाई माधोपुर में पहली तैनाती दी गई थी। इसके बाद 11 अगस्त को जारी आरएएस तबादला सूची में उन्हें दौसा में सहायक कलक्टर (मुख्यालय) के पद पर भेजा गया। जिस जिले से उनके खिलाफ रिश्वत प्रकरण सामने आया था, वहीं दोबारा पोस्टिंग मिलने पर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, कार्यभार संभालने के दो दिन के भीतर ही सरकार ने अपने फैसले को बदलते हुए उन्हें एपीओ कर दिया, जिसके बाद उनकी आगामी पोस्टिंग को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में कयासबाजी जारी है।


