More
    Homeदेशवैष्णो देवी के बाद बद्रीनाथ में चमत्कार, 5 साल बाद मिला खोया...

    वैष्णो देवी के बाद बद्रीनाथ में चमत्कार, 5 साल बाद मिला खोया बेटा

    बद्रीनाथ, चमोली | हिमालय की गोद में बसे भगवान बद्री विशाल के धाम से एक ऐसी हृदयस्पर्शी खबर सामने आई है, जिसने खाकी के मानवीय चेहरे को एक बार फिर दुनिया के सामने गर्व से ऊंचा कर दिया है। चमोली पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण राजस्थान का एक परिवार, जिसने अपने बेटे के जीवित होने की उम्मीद तक छोड़ दी थी, आज 5 साल बाद फिर से एक हो गया।

    खतरनाक पहाड़ियों की ओर बढ़ रहा था युवक

    घटना की शुरुआत तब हुई जब बद्रीनाथ पुलिस को सूचना मिली कि माणा गांव के ऊपर, जहाँ रास्ते बेहद दुर्गम और खतरनाक हैं, एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक पहाड़ियों की ओर बढ़ रहा है। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया और उसे सुरक्षित थाने लेकर आई। युवक अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं था, लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी।

    धैर्य और काउंसलिंग से मिला 'राजस्थान' का सुराग

    थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी और उनकी टीम ने युवक के साथ धैर्यपूर्वक बातचीत की। लंबी काउंसलिंग के बाद युवक के मुंह से 'राजस्थान' शब्द निकला। इसी एक शब्द को आधार बनाकर पुलिस और अभिसूचना इकाई ने राजस्थान पुलिस से संपर्क साधा और कड़ी मशक्कत के बाद उसके परिजनों को खोज निकाला।

    पुलिस ने संवारा हुलिया, कराए बद्री विशाल के दर्शन

    परिजनों के आने तक बद्रीनाथ पुलिस ने उस युवक की देखभाल एक परिवार की तरह की। पुलिसकर्मियों ने अपने निजी खर्च से:

    • युवक के बाल और दाढ़ी कटवाकर उसे नहलाया-धुलाया।

    • उसे नए कपड़े उपलब्ध कराए और स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।

    • एक नई शुरुआत के लिए पुलिस टीम उसे भगवान बद्री विशाल के दर्शन कराने मंदिर भी ले गई।

    आंसुओं में भीगा मिलन और पुलिस की दरियादिली

    बुधवार को जब बद्रीनाथ थाने में माता-पिता और बेटे का आमना-सामना हुआ, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। 5 साल के लंबे इंतजार के बाद बेटे को जीवित देख माता-पिता फुट-फुटकर रोने लगे।

    भावुक परिजनों ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब है और वे उधार लेकर यहां तक पहुंचे थे। उनके पास वापस राजस्थान लौटने के लिए भी पैसे नहीं थे। यह जानकर थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी और उनकी टीम ने स्थानीय ट्रस्ट के सहयोग से धनराशि एकत्रित की और परिवार के सुरक्षित घर लौटने का पूरा प्रबंध किया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here