मोदी—3 सरकार में भूपेन्द्र यादव बनेंगे कैबिनेट मंत्री, अलवर का बढेगा ओहदा

 

 

 

 

अलवर. देश में बन रही एनडीए में अलवर से नव निर्वाचित सांसद भूपेन्द्र यादव रविवार शाम को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेंगे। यादव के एनडीए सरकार में शामिल होने पर अलवर को पहली बार केन्द्र सरकार में कैबिनेट मंत्री मिलेगा। नरेन्द्र मोदी— 3 सरकार में अलवर का ओहदा बढना तय माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार मोदी—3 सरकार में भूपेन्द्र यादव का पुन: कैबिनेट मंत्री बनना तय माना जा रहा है. उनकी टीम से जुडे सदस्यों का दावा है कि यादव को मंत्री बनाने के लिए संदेश मिल चुका है। भूपेन्द्र यादव मोदी—2 सरकार में भी कैबिनेट मंत्री वन एवं पर्यावरण मंत्रालय का दायित्व संभाल चुके हैं. उनके राजनीतिक व प्रशासकीय अनुभव को देखते हुए ही यादव को पुन: कैबिनेट मंत्री बनाया जा रहा है।

अलवर को केन्द्र में दूसरी बार प्रतिनिधित्व

अलवर को केन्द्र सरकार में वैसे दूसरी बार प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है। पूर्व में जितेन्द्र सिंह मनमोहन सिंह— 2 सरकार में गृह राज्य मंत्री एवं रक्षा राज्य मंत्री रह चुके हैं। लेकिन जितेन्द्र सिह को राज्य मंत्री बनाया गया था। अब मोदी— 3 सरकार में भूपेन्द्र यादव को कैबिनेट मंत्री बनाने से अलवर के विकास को तेजी मिल सकेगी।

राजनीतिक कौशल है मंत्री पद मिलने का बडा आधार

30 जून 1969 को अजमेर में जन्में भूपेन्द्र यादव उच्च सदन राज्य सभा में वर्ष 2012 से राजस्थान सांसद चुने गए। तब से अब तक राज्य सभा का सदस्य रहे। वे गवर्नमेंट कॉलेज अजमेर में छात्र संघ के उपाध्यक्ष चुने गए। वर्ष 2010 में भाजपा के राष्टीय सचिव तथा वर्ष 2014 में भाजपा के राष्टीय महासचिव बने। झारखंड के चुनाव सह प्रभारी, राजस्थान, बिहार, महाराष्ट, मणिपुर एवं उडीसा के चुनाव प्रभारी भी रहे। यादव ने लोकसभा चुनाव 2024 का पहला चुनाव अलवर संसदीय क्षेत्र से लडा और 48 हजार 282 वोटों से जीते।

मोदी व शाह से नजदीकी रही

सांसद भूपेन्द्र यादव को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की टीम के सदस्य माना जाता है। इस कारण मोदी—3 सरकार में भूपेन्द्र यादव को पुन: मंत्री बनाए की संभावना है। इसके अलावा वे देश में ओबीसी समाज का बडा चेहरा है। भूपेन्द्र यादव पेशे से सुप्रीम कोर्ट के वकील हैं। राम जन्म भूमि एवं राम सेतू के पैरोकार रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here