More
    Homeराजनीतिसीएम रेखा गुप्ता पर हमला: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बोले- थप्पड़ मारे जाने...

    सीएम रेखा गुप्ता पर हमला: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बोले- थप्पड़ मारे जाने की अटकलें गलत

    नई दिल्ली। जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारने के मामले एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि दस्तावेज सौंपने के बाद शख्स ने अचानक मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ चल रही है और घटना की जांच की जा रही है। इस मामले में दिल्ली बीजेपी प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आरोपी ने मुख्यमंत्री का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की हुई और उनका सिर टेबल के कोने से टकरा गया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने गुप्ता की स्थिति स्थिर बताई है, हालांकि वह सदमे में हैं। सचदेवा ने यह भी स्पष्ट किया कि पत्थर फेंके जाने या थप्पड़ मारे जाने की अटकलें पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने रेखा गुप्ता को मजबूत महिला बताते हुए कहा कि वह अपने दैनिक काम और जनसुनवाई जारी रखेंगी।
    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ है। उन्हें सिर में चोट आई है। दिल्ली पुलिस ने भी इस घटना को कंफर्म किया है और गृह मंत्रालय को इस बारे में जानकारी दी गई है। आरोपी के बारे में बताया जा रहा है कि गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। शुरुआती जानकारी में आरोपी ने अपना नाम राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया बताया है। उसकी उम्र 41 साल है और पुलिस हिरासत में उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
    सूत्रों के मुताबिक, शख्स का कोई परिजन जेल में है। उसको छुड़वाने के लिए अर्जी लेकर आया था। मिली जानकारी के मुताबिक, शख्स के परिजन का मामला कोर्ट में चल रहा है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने गुजरात पुलिस से शख्स के बारे में और भी जानकारी जुटाने के लिए संपर्क किया है, और उसका आधार कार्ड जारी किया गया है।
    इस हमले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गईं। दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने कहा, ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर दिल्ली की सीएम सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी या महिला की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का स्थान है, लेकिन हिंसा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी और मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहें।
    दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने घटना को राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने कहा, वह दिन-रात दिल्ली के लिए सोचती हैं। विपक्ष यह बर्दाश्त नहीं कर पा रहा कि मुख्यमंत्री घंटों जनता के बीच बैठती हैं और उनसे सीधा संवाद करती हैं। सिरसा ने कहा कि इस घटना के पीछे राजनीतिक षड्यंत्र की बू आती है और पुलिस सभी तथ्यों को सामने लाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here