More
    Homeराज्यपंजाबफरीदकोट में नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन, अवैध घरों पर चला बुलडोजर

    फरीदकोट में नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन, अवैध घरों पर चला बुलडोजर

    युद्ध नशे के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस द्वारा शनिवार को उपमंडल जैतो में दो नशा तस्करों के अवैध निर्माण पर जेसीबी चलाई गई। उक्त दोनों ही नशा तस्करों के खुद पर तो नशा तस्करी के विभिन्न केस दर्ज है ही साथ ही उनके पारिवारिक सदस्यों पर भी नशा तस्करी के केस दर्ज हैं।

    उल्लेखनीय है कि जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के तहत शनिवार को जिले के उपमंडल जैतो के छज्जघड़ा मोहल्ले में स्थित दो नशा तस्करों के अवैध निर्माण पर पीला पंजा चलाया गया। इस संबंध में एसएसपी डा. प्रज्ञा जैन ने बताया कि जैतो के छज्जघड़ा मोहल्ला निवासी बिमला देवी व नछत्तर सिंह ने अवैध रूप से इमारत का निर्माण किया था। इस संबंध में सक्षम अधिकारी की ओर से इस अवैध निर्माण को गिराने के निर्देश प्राप्त हुए थे। जिसके बाद सिविल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इस इमारत को ढहाया गया।

    उन्होंने बताया कि उक्त नशा तस्करों में से बिमला देवी के खिलाफ नशा तस्करी से संबंधित 2 मामले तथा उसके बेटे के खिलाफ आईपीसी के तहत 1 मामला तथा उसकी पुत्रवधू रजनी के खिलाफ नशा तस्करी से संबंधित 05 मामले दर्ज हैं। जबकि नछत्तर सिंह के रिकार्ड के अनुसार उसके खिलाफ भी 4 मामले दर्ज हैं। जिनमें से 3 मामले नशा तस्करी से संबंधित हैं। जबकि उसकी पत्नी बंसो के खिलाफ भी 3 मामले दर्ज हैं। जिनमें से 01 मामला नशा तस्करी से संबंधित दर्ज है।

    एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशानुसार नशे पर युद्ध अभियान के तहत जिले में व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति नशा बेचकर संपत्ति बनाएगा, उसे कानूनी प्रक्रिया के अनुसार सक्षम अधिकारी से मंजूरी लेने के बाद कुर्क किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि फरीदकोट पुलिस ने नशे के खिलाफ जंग लड़ते हुए मार्च से जून तक 329 मामले दर्ज कर 492 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें नशा तस्करी से जुड़ी बड़ी मछलियां भी शामिल हैं। इसके साथ ही पिछले 10 महीनों में ही नशा तस्करों की 04 करोड़ 90 लाख से अधिक की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है।

     इस दौरान नायब तहसीलदार सुखविंदर सिंह ने कहा कि सिविल प्रशासन व पुलिस प्रशासन मिलकर नशे के खिलाफ काम कर रहे हैं और नशे की रोकथाम के लिए सिविल प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हुआ है ताकि नशे को जड़ से खत्म किया जा सके।

    इस अवसर पर एसपी (जांच) संदीप कुमार, डीएसपी जैतो मनोज कुमार, डीएसपी जगतार सिंह, इंस्पेक्टर गुरादित्ता सिंह, कार्यकारी अधिकारी मनिंदरपाल रंधावा आदि उपस्थित थे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here