More
    Homeराजस्थानअलवरअजमेर स्टेशन पर बम की दहशत, दादर एक्सप्रेस की 3 घंटे तक...

    अजमेर स्टेशन पर बम की दहशत, दादर एक्सप्रेस की 3 घंटे तक चली तलाशी

    अजमेर: अजमेर रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दादर एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की सूचना पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ सक्रिय हो गए और स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल कड़ा कर दिया गया। दादर एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म पर ही रोककर करीब तीन घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पूरे स्टेशन परिसर में यात्रियों और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल बना रहा।

    सूत्रों के अनुसार, तीन युवक एक ऑटो में बैठकर दादर एक्सप्रेस को उड़ाने की बातचीत करते सुनाई दिए, जिसके बाद ऑटो चालक ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय थाना पुलिस की टीमें तुरंत स्टेशन पहुंचीं और पूरे रेलवे स्टेशन में तलाशी शुरू कर दी। प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम, पार्किंग और रेलवे ट्रैक के आसपास डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की मदद से विस्तृत जांच की गई।

    सिर्फ दादर एक्सप्रेस ही नहीं, बल्कि स्टेशन पर मौजूद अन्य सभी ट्रेनों और आने-जाने वाली गाड़ियों की भी सख्त चेकिंग की गई। यात्रियों के बैग, लगेज और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई। इस व्यापक जांच अभियान के कारण यात्रियों में कई घंटे तक भय का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की सतर्कता से कोई अवांछित घटना नहीं हुई।

    इधर, धमकी भरी बातचीत करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और उनकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कराई जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि धमकी सिर्फ मजाक थी या किसी साजिश का हिस्सा। पुलिस उनकी हाल की लोकेशन, संपर्क में रहे लोगों और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

    सिटी एएसपी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि कुचामन और डीडवाना इलाके से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके कारण सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया। उन्होंने बताया कि अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की बरामदगी नहीं हुई है। बम की सूचना केवल बातचीत के आधार पर थी, जिसकी गंभीरता की जांच की जा रही है। घंटों चली कार्रवाई के बाद दादर एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल तीनों संदिग्ध युवक पुलिस की हिरासत में हैं और पूछताछ जारी है। रेलवे प्रशासन ने सभी स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here