रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है, जहां भारतीय रेलवे ने राज्य को तीन नई मेमू ट्रेनों की सौगात दी है। इस संबंध में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से आधिकारिक पत्र भेजकर इन ट्रेनों की मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी गई है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि आम जनसुविधा और क्षेत्रीय संपर्क को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से इन नई रेल सेवाओं को शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों को मिली सफलता
इस महत्वपूर्ण सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि उनका यह निरंतर प्रयास रहा है कि क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुगम और किफायती सफर की सुविधा मिल सके। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय रेल मंत्री से विशेष अनुरोध किया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। सांसद ने कहा कि रायपुर से रावघाट और कुरुद के बीच इन मेमू ट्रेनों के चलने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से राजधानी रायपुर इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बेहद सीधी और तेज यात्रा की सुविधा प्राप्त होगी। इससे न केवल लोगों के कीमती समय की बचत होगी, बल्कि व्यापारिक और सामाजिक संपर्क भी और अधिक मजबूत होंगे।
प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
इस सौगात के लिए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे और रेलवे नेटवर्क का अभूतपूर्व तरीके से तीव्र आधुनिकीकरण एवं विस्तार हो रहा है।
मंजूर की गई तीन नई मेमू ट्रेनें
रेलवे द्वारा जिन तीन नई मेमू ट्रेनों को हरी झंडी दी गई है, उनका विवरण इस प्रकार है:
गाड़ी संख्या 68768 / 68769: रायपुर – रावघाट मेमू
गाड़ी संख्या 68772 / 68771: रायपुर – कुरुद मेमू
गाड़ी संख्या 68774 / 68773: रायपुर – कुरुद मेमू


