भोपाल: मॉडल ट्विशा शर्मा डेथ केस में आरोपी पति समर्थ सिंह और उसकी मां व पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सीबीआई दोनों आरोपियों की जमानत का कड़ा विरोध कर रही है। पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका पर आज भोपाल की अदालत में सुनवाई होगी, जबकि सास गिरिबाला सिंह की जमानत को लेकर जबलपुर हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है।
समर्थ सिंह की जमानत अर्जी पर आज सुनवाई
मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह ने भोपाल की अदालत में जमानत के लिए आवेदन दायर किया है। बचाव पक्ष की ओर से दलील दी गई है कि सीबीआई ने मामले में अभी तक पूरा आरोप पत्र (चार्जशीट) पेश नहीं किया है, इसलिए इस आधार पर जमानत दी जानी चाहिए। इस याचिका पर आज सुनवाई होगी, जहां अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष के वकील अपनी-अपनी दलीलें रखेंगे।
सीबीआई ने हाईकोर्ट में पेश किया 1154 पेज का जवाब
दूसरी ओर, पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह ने जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है। सीबीआई ने उनकी जमानत का पुरजोर विरोध करते हुए हाईकोर्ट में 1154 पेज का बेहद विस्तृत जवाब दाखिल किया है।
62 गवाहों के बयान: सीबीआई ने कोर्ट के सामने 62 गवाहों के बयान पेश किए हैं और आशंका जताई है कि यदि आरोपी पूर्व जज को जमानत मिलती है, तो वे अपने रसूख का इस्तेमाल कर गवाहों को प्रभावित कर सकती हैं।
गंभीर आरोप: सीबीआई की जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि शादी के बाद ट्विशा शर्मा पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जाता था। पति समर्थ सिंह द्वारा अभद्र व्यवहार करने, अबॉर्शन के बाद विवाद होने और ट्विशा पर 20 लाख रुपए के शेयर अपने नाम ट्रांसफर करने का दबाव डालने के गंभीर तथ्य सामने आए हैं।
इस मामले में पैरवी कर रहे अधिवक्ता अंकुर पांडेय के अनुसार, दोनों आरोपी अभी न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। हाईकोर्ट में गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई जारी है और मामले के अगले कानूनी कदमों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।


