छात्राओं की मांग पर त्वरित फैसला, विज्ञान संकाय शुरू होने से मिली राहत
जयपुर। ‘बेटी पढ़े, बेटी बढ़े’ की भावना को साकार करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशील कार्यशैली का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। सीकर जिले के खंडेला ब्लॉक स्थित जाजोद गांव की छात्राओं की मांग पर राज्य सरकार ने रातोंरात स्कूल में विज्ञान संकाय शुरू करने के आदेश जारी कर दिए।
रात्रि चौपाल में छात्राओं ने रखी समस्या
गुरुवार को आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान जाजोद गांव की छात्राएं मुख्यमंत्री से मिलीं और अपनी समस्या बताई। छात्राओं ने कहा कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाजोद में विज्ञान संकाय नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में दूसरे विषय चुनने पड़ते हैं या फिर विज्ञान की पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने तुरंत दिए निर्देश
छात्राओं की बात सुनते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनके विद्यालय में विज्ञान संकाय अवश्य खोला जाएगा। उन्होंने उसी रात शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सुबह मिली खुशखबरी
शुक्रवार सुबह जब छात्राएं स्कूल जाते समय फिर मुख्यमंत्री से मिलीं और अपनी मांग दोहराई, तो मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए बताया कि जाजोद स्कूल में विज्ञान संकाय शुरू करने के आदेश जारी हो चुके हैं।
अब विद्यालय में छात्राएं गणित और जीव विज्ञान दोनों विषयों में अपनी रुचि के अनुसार अध्ययन कर सकेंगी और उन्हें विज्ञान शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
छात्राओं ने जताया आभार
मुख्यमंत्री से यह खुशखबरी सुनकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी मांग इतनी जल्दी पूरी हो जाएगी।
शिक्षा को लेकर सरकार की प्राथमिकता
यह पहल राज्य सरकार की शिक्षा और बालिका सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार छात्राओं के भविष्य को नई दिशा देने का काम करेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


