More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशबंगाल-असम में BJP की जीत पर CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा...

    बंगाल-असम में BJP की जीत पर CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा बयान, कहा- हर तरफ लहराया भगवा

    ग्वालियर। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को मिली शानदार बढ़त ने देशभर के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है। इस बड़ी जीत की गूँज मध्य प्रदेश में भी सुनाई दे रही है, जहाँ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी और मतदाताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। ग्वालियर में ऋषि गालव विश्वविद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि 'अंग-बंग-कलिंग' यानी देश के हर कोने में आज भाजपा का परचम लहरा रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता की अटूट मुहर है।


    विपक्षी नेतृत्व पर प्रहार और बंगाल की दुर्दशा का जिक्र

    मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालातों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आजादी से पूर्व जो बंगाल अपनी समृद्धि और सक्षमता के लिए जाना जाता था, उसे पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व ने पूरी तरह बदहाल कर दिया है। डॉ. यादव के अनुसार ममता बनर्जी की सरकार ने जनता के साथ जो व्यवहार किया, यह चुनाव परिणाम उसी का कड़ा प्रतिकार है। उन्होंने कहा कि चुनावी सर्वे अब हकीकत में बदलते दिख रहे हैं और बंगाल की जनता ने तमाम बाधाओं और हथकंडों के बावजूद धैर्य का परिचय देते हुए लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लिया और भाजपा के प्रति अपना अटूट विश्वास जताया है।

    असम में राष्ट्रवादी शक्तियों का उदय और सुशासन की जीत

    असम के परिणामों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वहां की जनता ने एक बार फिर घुसपैठियों के विरुद्ध राष्ट्रवादी शक्तियों को चुनकर सुरक्षित भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने गौरव के साथ उल्लेख किया कि असम अब देश का ऐसा 17वां राज्य बनने जा रहा है जहाँ भाजपा का मुख्यमंत्री कमान संभालेगा, वहीं एनडीए के गठबंधन वाली सरकारों की संख्या अब 22 तक पहुँचने की दिशा में है। डॉ. यादव ने असम की इस जीत को घुसपैठ और तुष्टीकरण की राजनीति की हार करार दिया है।

    कुशल प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम

    इस ऐतिहासिक विजय का श्रेय मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व और देश में बह रही सुशासन की बयार को दिया है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन में हुए चुनाव प्रबंधन ने भाजपा को इस मुकाम तक पहुँचाया है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह जीत केवल नेताओं की नहीं बल्कि ग्रासरूट पर काम करने वाले उन लाखों कार्यकर्ताओं के पसीने का फल है, जिन्होंने हर चुनौती का सामना करते हुए भाजपा के विजय रथ को आगे बढ़ाया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here