More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़एनआईबीएसएम में गांधी जयंती पर स्वच्छता पखवाड़े का समापन एवं सफाई मित्रों...

    एनआईबीएसएम में गांधी जयंती पर स्वच्छता पखवाड़े का समापन एवं सफाई मित्रों का सम्मान

    रायपुर :  भा.कृ.अनु.प-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर में गांधी जयंती एवं स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़े के दौरान स्वच्छता, स्वच्छ परिसर एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों एवं सफाई अभियानों का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर संस्थान में कार्यरत सफाई कर्मियों एवं सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय तथा संयुक्त निदेशकों एवं अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

    इस अवसर पर डॉ. एस. के. शर्मा ने स्वच्छता पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान संस्थान परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान, साफ-सफाई एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं। इन प्रयासों से स्वच्छता के प्रति संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों में जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा मिला।

    संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने कहा, “महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर हम दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है। इसकी शुरुआत हमारे अपने घर और कार्यस्थल से होकर पूरे समाज और देश तक पहुंचनी चाहिए। संस्थान द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और हमें इन्हें निरंतर जारी रखते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।”

    समापन कार्यक्रम में संस्थान के सफाई कर्मियों एवं सफाई मित्रों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया तथा निदेशक एवं संयुक्त निदेशकों द्वारा सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और संस्थान को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वच्छता गतिविधियों को नियमित रूप से जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ.  एस. के. शर्मा एवं धन्यवाद डॉ.  के. सी. शर्मा द्वारा दिया गया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here